भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली और एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा की शादी के 4 साल हो गए हैं। विराट और अनुष्का शादी से पहले भी अपने-अपने क्षेत्र के कामयाब प्रोफेशनल्स थे। दोनों अब भी बड़े स्टार हैं। अगर बतौर बल्लेबाज शादी से पहले और बाद में विराट के प्रदर्शन की तुलना करें तो टेस्ट क्रिकेट में उनका ग्राफ गिरता हुआ दिखता है। वहीं, वनडे में वे और भी बेहतर बल्लेबाज बने हैं।
इसके बावजूद विराट ने टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी कायम रखी है, जबकि वनडे में उनके स्थान पर रोहित शर्मा को कमान सौंप दी गई है। रोहित टी-20 में भी कप्तान होंगे। यानी WHITE BALL क्रिकेट में विराट की सत्ता समाप्त हो गई है।
शादी से पहले 20 टेस्ट शतक जमा चुके थे विराट
विराट कोहली ने 2011 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया। तब से अपनी शादी तक उन्होंने 63 टेस्ट मैचों में 53.75 की औसत से रन बनाए थे। 20 शतक भी जमा चुके थे। तब माना जा रहा था कि वे सचिन तेंदुलकर के 51 टेस्ट शतक के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। लेकिन, शादी के बाद विराट का बल्ला टेस्ट क्रिकेट में धीरे-धीरे खामोश होता गया। अगले 34 टेस्ट में उनका औसत महज 45 का रह गया। शतक भी वे सिर्फ 7 जमा पाए हैं। इनमें से भी अगर पिछले दो साल की बात करें तो टेस्ट क्या इंटरनेशनल क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में उनके नाम कोई शतक नहीं है।
वनडे क्रिकेट में बेहतर हुआ है रिकॉर्ड
टेस्ट के उलट अगर वनडे क्रिकेट की बात करें तो पिछले चार साल में विराट का परफॉर्मेंस बेहतर हुआ है। विराट ने शादी से पहले 202 वनडे मैचों में 55.74 की औसत से 9030 रन बनाए थे। इनमें 32 शतक शामिल थे। शादी के बाद उन्होंने 52 वनडे मैचों में 71.34 की औसत से 3119 रन बनाए। इनमें 11 शतक शामिल थे। इसके बावजूद विराट को वनडे की कप्तानी गंवानी पड़ी है।
ओवरऑल परफॉर्मेंस में ज्यादा बदलाव नहीं
क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट यानी टेस्ट, वनडे और टी-20 मिलाकर बात करें तो शादी से पहले और शादी के बाद विराट कोहली के बैटिंग परफॉर्मेंस में खास बदलाव नहीं आया है। शादी से पहले वे 54.72 की औसत से रन बनाते थे। शादी के बाद से वे 55.54 की औसत से रन बना रहे हैं।
अब एक नजर शादी के बाद अनुष्का के करियर पर
2017 में शादी के बाद अनुष्का ने ज्यादातर काम अपने प्रोडक्शन हाउस पर किया। इसमें बतौर प्रोड्यूसर हॉरर-थ्रिलर परी (2019), पाताललोक वेब सीरिज (2020) और बुलबुल (2020) बनाई। बतौर एक्ट्रेस तीन फिल्में आईं। पहली राजकुमार हीरानी की संजय दत्त बायोपिक संजू और दूसरी मेक इन इंडिया पर बनी सुई धागा जिसमें वरुण धवन एक्ट्रेस के अपोजिट थे। संजू ब्लॉकबस्टर रही, सुई-धागा भी हिट रही। तीसरी फिल्म शाहरुख खान के साथ जीरो थी, ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल कोई नहीं कर पाई। डिजास्टर साबित हुई।




