

रोहित शर्मा ने बना डाला सबसे बड़ा रिकार्ड, ICC इवेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा टी20 वर्ल्ड कप 2021 में पाकिस्तान व न्यूजीलैंड के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर पाए, लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने सारी कसर पूरी कर दी।
रोहित शर्मा ने तोड़ा जो रूट का रिकार्ड
अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी 74 रन की पारी के दम पर रोहित शर्मा ने एक नया वर्ल्ड रिकार्ड अपने नाम कर लिया। रोहित शर्मा अब आइसीसी इवेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बन गए। रोहित शर्मा ने आइसीसी इवेंट यानी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप, वनडे वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्राफी और टी20 वर्ल्ड कप को मिलाकर अब तक कुल 3682 रन बनाए हैं। वहीं उन्होंने जो रूट को पीछे छोड़ दिया जिनके नाम पर आइसीसी इवेंट में अब तक कुल 3662 रन दर्ज हैं। तीसरे नंबर पर इस मामले में 3554 रन के साथ विराट कोहली मौजूद हैं।
आइसीसी इवेंट में सबसे ज्यादा रन (WTC + WC + CT + WT20) बनाने वाले टाप 3 बल्लेबाज-
3682 रन- रोहित शर्मा
3662 रन- जो रूट
3554रन- विराट कोहली
रोहित-राहुल ने घर से बाहर T20I में की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी
रोहित शर्मा ने जहां एक तरफ 74 रन की पारी खेली तो वहीं केएल राहुल ने 48 गेंदों पर 2 छक्के व 6 चौकों की मदद से 69 रन की उपयोगी पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 140 रन की साझेदारी की। T20I में भारत के लिए विदेशी धरती पर ये दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी साबित हुई।
T20I में भारत की तरफ से विदेशी धरती पर सबसे बड़ी 5 साझेदारियां-
160 रन, रोहित व धवन, डबलिन
140 रन, रोहित व राहुल, दुबई
136 रन, सहवाग व गंभीर, डरबन
134 रन, कोहली व रैना, एडिलेड
123 रन, रोहित व राहुल, मैनचेस्टर