Lakhimpur Kheri Incident : जयंत चौधरी की तलाश में हाईवे पर पहुंचे डीएम और एसपी, वाहनों की कराई चेकिंग
Lakhimpur Kheri Incident : जयंत चौधरी की तलाश में हाईवे पर पहुंचे डीएम और एसपी, वाहनों की कराई चेकिंग
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। लखीमपुर खीरी में चल रहे किसानों के उपद्रव को लेकर रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के अमरोहा में गुजरने की सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट हो गए। डीएम बीके त्रिपाठी व एसपी पूनम अधीनस्थ के साथ हाईवे पहुंच गए और वाहनों की चेकिंग कराई। लगभग एक घंटे की चेकिंग के बाद जयंत चौधरी के न मिलने पर वापस लौट आए।
मालूम हो कि लखीमपुर खीरी प्रकरण को लेकर प्रदेश सरकार ने पश्चिमी यूपी के सभी जिलों में अलर्ट घोषित कर दिया है। रविवार रात भाकियू नेता राकेश टिकैत लखीमपुर खीरी जाते समय रजबपुर में रुके थे। चूंकि रजबपुर भाकियू व किसानों का गढ़ माना जाता है, लिहाजा प्रशासन भी इसे लेकर अलर्ट है। सोमवार सुबह प्रशासन को सूचना मिली थी कि रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी दिल्ली से कार द्वारा लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हो रहे हैं। लिहाजा सुबह साढ़े आठ बजे डीएम बीके त्रिपाठी व एसपी पूनम ने भारी पुलिस बल व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा पर डेरा डाल दिया था। दिल्ली की तरफ से आने वाले सभी वाहनों की तलाशी ली गई। लगभग सभी वाहन को रोक कर देखा गया कि जयंत चौधरी छुप कर तो हाईवे से नहीं गुजर रहे। इस दौरान रालोद का झंडा लगी चार-पांच कार जरूर गुजरीं, लेकिन उनमें जयंत नहीं मिले। लगभग एक घंटा तक तलाशी अभियान चलाकर दोनों अफसर लौट आए। इस दौरान टोल प्लाजा पर वाहनों की कतार भी लगी रही। उधर बताया जा रहा है कि जयंत चौधरी का दिल्ली से आने वाला काफिला गढ़ मुक्तेश्वर तक देखा गया था। पुलिस के अलर्ट होने की सूचना पर जयंत के काफिले को संपर्क मार्गों से निकाल कर आगे ले जाया गया है। जयंत के सुबह सात बजे तक अमरोहा जनपद से गुजरने की चर्चा भी है। एसपी ने बताया कि जयंत चौधरी के आगमन की सूचना पर नियमानुसार चेकिंग कराई गई थी।
