Israel Palestine News: 150 से ज्यादा एयरक्राफ्ट, टैंक और तोपों से इजराइल ने उड़ाए हमास मेट्रो के ठिकाने, वीडियो जारी
Israel Palestine News: 150 से ज्यादा एयरक्राफ्ट, टैंक और तोपों से इजराइल ने उड़ाए हमास मेट्रो के ठिकाने, वीडियो जारी
नई दिल्ली: इजराइल और फिलिस्तीन के बीच (Israel Palestine) पिछले तीन दिनों से छिड़ा युद्ध बढ़ता जा रहा है। करीब 7 साल बाद एक बार फिर दोनों के बीच भयंकर युद्ध छिड़ गया है। इसके साथ ही इस युद्ध में मरने वालों की संख्या 109 हो गई है। नवीनतम सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले चार दिनों में हवाई हमले में 29 लोगों सहित 109 लोग मारे गए हैं, जबकि 7 इजरायलियों की मौत हुई है। इसके साथ ही हजारों लोग इन हमलों में घायल हुए हैं।
शुक्रवार दोपहर इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने ट्वीट कर कहा, गाजा में हमास 'मेट्रो' सुरंग प्रणाली पर हमला करने की जानकारी दी। आईडीएफ ने वीडियो जारी कर कहा, हमास के मेट्रो टनल को ध्वस्त करने के लिए 160 विमान, टैंक, तोपखाने और सीमा के साथ पैदल सेना की इकाइयां मौजूद रहीं। हमने 150 लक्ष्यों को मारा और हमास के 'मेट्रो' नेटवर्क के कई किलोमीटर हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्वीट कर कहा, मैंने कहा था कि हम हमास से बहुत भारी कीमत वसूलेंगे। हम इन हमलों को ज्यादा तीव्रता के साथ करते रहेंगे। जब तक आवश्यक हो, यह ऑपरेशन जारी रहेगा। ऑस्ट्रिया ने इजराइल का समर्थन की बात कही है। पीएम कार्यालय की ओर से गुरुवार को कहा गया, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बिडेन के साथ टेलीफोन द्वारा बात की। प्रधानमंत्री ने इज़राइल के आत्मरक्षा के अधिकार के अमेरिकी समर्थन के लिए राष्ट्रपति बिडेन को धन्यवाद दिया।
इधर, फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने कहा, यरुशलम फिलिस्तीन राज्य की शाश्वत राजधानी है, जिसके लिए हम किसी विकल्प को स्वीकार नहीं करेंगे।
इजराइल और फिलिस्तीन दोनों ही एक दूसरे पर उनके शहरों को निशाना बनाने की बात कह रहे हैं। इजराइल दावा कर रहा है कि हमास के आतंकी लगातार उसके शहरों को निशाना बना रहे हैं, तो वहीं फिलिस्तीन की ओर से कहा जा रहा है कि गाजा और अन्य जगहों पर इजराइल आवासी इलाकों में बमबारी कर रहा है।
इसलिए छिड़ गया युद्ध
कहा जा रहा है कि ये संघर्ष 2014 के बाद 9-10 मई को उस वक्त बढ़ गया जब फिलीस्तिनियों ने पवित्र दीवार के पास प्रार्थना कर रहे लोगों और उनकी सुरक्षा कर रहे जवानों पर पत्थरबाजी की। 1967 के अरब-इजराइल युद्ध में जीत के बाद इजराइल यरूशलम डे, यानी उस जीत की वर्षगांठ मनाता रहा है। यरूशलम के शेख जर्राह इलाके को यहूदी और मुस्लिम दोनों ही पवित्र स्थल मानते हैं।
दोनों संप्रदायों की ओर से इस जगह को अपना पवित्र धार्मिक स्थल मानने और इस पर दावा करने की वजह से वर्षों से संघर्ष बढ़ता रहा है। इस बीच संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि गाजा में हिंसा एक "पूर्ण पैमाने पर युद्ध" के तौर पर बढ़ सकती है। इज़राइल लगातार फिलिस्तीन के क्षेत्र वाले गाजा पर भारी हवाई हमले कर रहा है, वहीं फिलिस्तीन में मौजूद संगठन हमास इजरायल में सैकड़ों रॉकेट दाग रहा है।
