देश
पुडुचेरी में कोरोना के 2 हजार से ज्यादा नए मामले, 77 हजार के पार पहुंची कुल संख्या
पुडुचेरी (Puducherry) में बुधवार को कोरोना वायरस (Corona Virus) के 2,007 नए मामले आने से संक्रमण के कुल मामले 77,031 पर पहुंच गए. पिछले 24 घंटे में इस बीमारी से 27 और लोगों को जान गंवाने से मृतकों की संख्या 1025 पर पहुंच गई. मरने वाले लोग 47 से 85 साल की आयु के थे.
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सेवा के निदेशक एस. मोहन कुमार ने कहा कि अकेले पुडुचेरी क्षेत्र में 1,590 नए मामले आए जबकि कराईकल में 238, यनम में 129 और माहे में 50 मामले आए. केंद्र शासित प्रदेश में 15,562 मरीज इस महामारी का इलाज करा रहे हैं और 60,424 लोग स्वस्थ हो चुके हैं.
पिछले 24 घंटे में 1,247 मरीज स्वस्थ हुए हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. पुडुचेरी में मृत्यु और स्वस्थ होने वाले लोगों की दर क्रमश: 1.36 प्रतिशत और 78.44 प्रतिशत है. उन्होंने बताया कि अभी तक 8.80 लाख नमूनों की जांच की गई और उनमें से 7.89 लाख संक्रमित नहीं पाए गए.
वहीं देश में देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 3,48,421 नए मामले सामने आए हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में देश में 4,205 लोगों की मौत हुई है. एक दिन में मौत का यह सबसे अधिक आंकड़ा है. मंगलवार को 3,55,338 लोग संक्रमण से ठीक भी हुए. नए मामले आने के बाद देश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 2,33,40,938 हो गई है, जिसमें 1,93,82,642 लोग ठीक हो चुके हैं. भारत में कोविड-19 से अब तक 2,54,197 लोगों की मौत हो चुकी है.
वहीं एक्टिव केस की संख्या कुछ कम होकर 37,04,099 हो गई है, जो कुल मामलों का 15.87 फीसदी है. आज लगातार दूसरा दिन है जब नए मामलों की तुलना में ज्यादा लोग संक्रमण से ठीक हुए. मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि पिछले 61 दिनों में पहली बार ऐसा हुआ कि संक्रमण से ठीक हुए लोगों की संख्या नए संक्रमितों की संख्या से अधिक रही. कुल एक्टिव केस में 81.68 प्रतिशत कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु, छत्तीगढ़, हरियाणा, बिहार, मध्य प्रदेश में हैं.
(भाषा से इनपुट)
:
